राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताया कि शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने समय-सीमा के चिन्हित पत्रों, शासकीय कार्यों, न्यायालयीन प्रकरणों, महापौर जनसुनवाई के लंबित मामलों और ई-नगर पालिका से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था पर फोकस, नालों की सफाई अभियान के रूप में होगी शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पहले सभी नालों और नालियों की सफाई अभियान चलाकर पूरी की जाए। स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नोडल अधिकारियों को रोजाना वार्डों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बाजार क्षेत्रों में शाम के समय कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से संचालित करने पर भी बल दिया गया।
जलभराव रोकने के लिए एक सप्ताह में रिपोर्ट वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निगमायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। नाले-नालियों पर अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए भी कहा गया।
राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जीआईएस सर्वे के आधार पर लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने, नई संपत्तियों का सर्वे कर निगम रिकॉर्ड में दर्ज करने और जलकर के मासिक भुगतान हेतु मोबाइल एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
जल गंगा संवर्धन अभियान में तेजी लाने के निर्देश बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 100 में से 59 सोकपिट का कार्य पूरा हो चुका है। निगमायुक्त ने शेष कार्यों में तेजी लाने, सभी सार्वजनिक प्याऊ चालू रखने और पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर पीएम स्वनिधि, संबल योजना और ई-केवाईसी की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत नए हितग्राहियों को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अन्य मुद्दों पर भी सख्ती निगमायुक्त ने जर्जर भवनों पर कार्रवाई, भवन अनुज्ञा मामलों में कंपाउंडिंग अभियान चलाने, फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक भवनों पर कार्रवाई और अनाधिकृत कॉलोनियों में नए निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही आईएचएसडीपी योजना के सर्वे कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की बात कही।
बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री, राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।