राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में शहर में एक सराहनीय पहल सामने आई है। झिंझरी स्थित लाइम सिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को यातायात थाना कटनी का शैक्षणिक भ्रमण किया, जहां उन्हें यातायात नियमों की व्यवहारिक जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने थाना परिसर में स्थापित “ट्रैफिक पाठशाला” और “सिम्युलेटर कक्ष” का अवलोकन किया। सिम्युलेटर के माध्यम से छात्रों को सुरक्षित वातावरण में वर्चुअल ड्राइविंग का अनुभव कराया गया, जिससे उन्होंने सड़क संकेतों और नियमों को आसानी से समझा।
कार्यक्रम के दौरान यातायात थाना प्रभारी राहुल पाण्डेय ने प्रोजेक्टर के जरिए रोचक और सरल तरीके से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया।
इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। “ट्रैफिक पाठशाला” जैसी गतिविधियां न केवल बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देती हैं, बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को भी बढ़ावा देती हैं।