दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती आज मंगलवार को क्षेत्र में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, तहसील परिसर तथा कस्बा वार्ड नंबर 3 स्थित अम्बेडकर नगर में आयोजित कार्यक्रमों में बाबासाहेब के जीवन संघर्ष, दलित उत्थान, संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय में उनके योगदान को याद किया गया।
कस्बा स्थित प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में प्रबंधन की अगुवाई में समारोह आयोजित हुआ। प्रबंध निदेशक डॉ. लवकुश प्रजापति ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने अपने जीवन में अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अथक संघर्ष किया तथा भारतीय संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय की नींव रखी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि बाबा साहब के आदर्शों को ग्रहण कर शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाएं, संगठित होकर अन्याय के विरुद्ध खड़े हों तथा उनके नारे “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जीवन का आधार बनाएं। डॉ. प्रजापति ने यह भी जोर दिया कि आज के दौर में बाबासाहेब के विचारों का पालन कर दलितों और वंचित वर्गों का उत्थान ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता भी किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य यशश्वी कपूर, जावेद, सुशान्त क्षेत्री, बलवन्त यादव, सबस्टीन सुब्बा, रेशमा सुब्बा, निशि गुरूंग, राहुल गुरूंग, रॉबर्ट ब्रूस, मैराडोना मसीह, अभिषेक, सुप्रिया पाण्डे, श्रुति पाण्डे, हिना खान व सुप्रिया गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी शामिल हुए। वक्ता बलवन्त यादव, यशश्वी कपूर, सुशान्त क्षेत्री, इंजीनियर सेतलाल व हेमन्त कुमार ने बाबासाहेब के आदर्शों पर विचार रखते हुए छात्रों को समानता और न्याय का संदेश दिया।
इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में छात्राओं ने भावपूर्ण भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। प्रभारी प्रधानाचार्या डॉ. रीतिका श्रीवास्तव व अन्य शिक्षिकाओं ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान शोभा कुमारी यादव, डॉ. प्रीति शर्मा, वर्षा, संचिता श्रीवास्तव, समायरा खान, राधा कुमारी, आरती कुमारी, मंजूलता, अंजली राय, रूमन राय, महिमा यादव, आकांक्षा आदि उपस्थित रहीं ।
तहसील परिसर में तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर तहसील स्तर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बाबासाहेब के आदर्शों को नमन किया। इसके अलावा भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय दुद्धी ,राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी और बीआरसी परिसर दुद्धी सहित अन्य सरकारी गैरसरकारी संस्थाओं में भी अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके योगदान को स्मरण किया ।
इसी क्रम में कस्बा वार्ड नंबर 3 आंबेडकर नगर में स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी,इससे एक दिन पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया था, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।