आने वाली पीढ़ी का भविष्य बचाने के लिए प्रदूषण से लड़ना जरूरी: भूपेश कुमार
मंडी गोबिंदगढ़/ अमलोह अजय कुमार
श्री गौ सेवा समिति द्वारा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर धरती पूजन के माध्यम से प्रदूषण के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से एकजुट होकर प्रदूषण से लड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ज्योति प्रज्वलन से हुई, जिसकी रस्म गौ सेवा समिति अमलोह के अध्यक्ष भूषण सूद ने निभाई। मंदिर के पुजारी पंडित कमल किशोर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई और धार्मिक दृष्टिकोण से धरती को प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने अपने घरों से लाई गई मिट्टी का पूजन कर धरती माता को स्वच्छ रखने की शपथ ली। दिनेश कुमार ने धार्मिक गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बनाया।
जिला अध्यक्ष भूपेश कुमार, सहायक अध्यक्ष राहुल जिंदल, हरियावल पंजाब के संदीप कश्यप और मंडी गोबिंदगढ़ समिति के अध्यक्ष राजिंदर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदूषण से लड़ाई घर से ही शुरू करनी होगी। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, घरों में सब्जियां व फल उगाने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।
भूपेश कुमार ने कहा कि अगर समय रहते हम जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियां गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकती हैं। उन्होंने देसी गाय के दूध व उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की भी बात कही। वहीं संदीप कश्यप ने गोबर से बनी खाद के उपयोग और प्लास्टिक से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गोबर से बने उत्पादों का स्टॉल भी लगाया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
इस अवसर पर राम कृष्ण गुप्ता, मदन गुप्ता, नरेश गुप्ता, किदार नाथ गुप्ता, राजेश गुप्ता, सतनारायण गुप्ता, गुरमुख गुप्ता, मुकेश कुमार, सेवा भारती के सी.पी. सिंह, महेश गुप्ता, सुभाष गुप्ता, राजीव मावल, अजीत कुमार, यशपाल, बृज मोहन गुप्ता, लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट के अध्यक्ष, राखी गुप्ता, रोहणी, अनु बाला, रेणु बाला, प्रिंटी, संजीव धीर (अमलोह) और स्वर्णजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:पूजा समारोह में भाग लेते गणमान्य व्यक्ति।