बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के प्राथमिक विद्यालय सेकंड में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रुचि अग्रवाल ने किया।
जानकारी के अनुसार, नामांकन बढ़ाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह रैली कस्बे के मोहल्ला ठाकुरद्वारा, साहुकारा, माली और नौगवां सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई। रैली में बच्चों ने हाथों में तिरंगा झंडा और रंग-बिरंगे गुब्बारे लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों ने “सब पढ़ें–सब बढ़ें” तथा “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं—मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील, जूते-मोजे एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई—की जानकारी दी। प्रधानाध्यापिका रुचि अग्रवाल ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन अवश्य कराएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
रैली के समापन के बाद विद्यालय में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं अलका सिंह, अनीता मौर्य, स्वाति चाहल, सविता, मिथिलेश यादव, सुनीता देवी, अर्चना अग्रवाल सहित समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं कस्बेवासी उपस्थित रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली