सहारनपुर- थाना कोतवाली नगर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर लापता हुई 3 वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि पुराना कलसिया रोड हसमत कॉलोनी निवासी सलीम की 3 वर्षीय पुत्री नादिया का अपहरण हो गया है।सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बच्ची को कोतवाली नगर क्षेत्र के दाल मंडी पुल के पास से सकुशल बरामद कर लिया। मौके पर जावेद नामक एक व्यक्ति भी मिला, जिसने पूछताछ में बताया कि बच्ची उसे गैस गोदाम के पास लावारिस हालत में मिली थी और वह उसके परिजनों की तलाश कर रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची के परिजनों को थाने बुलाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। इसके बाद संबंधित व्यक्तियों को आगे की कार्रवाई हेतु कोतवाली देहात थाना पुलिस को सौंप दिया गया। बरामदगी में करने पुलिस टीम में उप निरीक्षक सिमरन कमलेश,उप निरीक्षक अंजू सिंह,महिला कांस्टेबल अनू रहे।
रिपोर्टर आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़