उरई(जालौन):
लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली कर अधिकारियों ने बढ़ाया जनपद का मान: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद जालौन के परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल के अधिकारी राजेश कुमार ने निर्धारित क्रमिक लक्ष्य 432.00 लाख रुपये के सापेक्ष 491.32 लाख रुपये की वसूली कर शानदार उपलब्धि हासिल की। प्रतिशत के आधार पर उन्होंने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मार्च 2026 में 36.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 54.32 लाख रुपये की वसूली कर 150.89 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए मासिक प्रदर्शन में भी प्रदेश में द्वितीय स्थान पाया। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लोकेशन माफियाओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवाया,जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सका। इसी क्रम में वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 432.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 467.44 लाख रुपये की वसूली की। उन्होंने प्रतिशत के आधार पर प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। मार्च माह में 36.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 46.38 लाख रुपये की वसूली कर 128.84 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। वहीं यात्रीकर/मालकर अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय ने 360.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 363.97 लाख रुपये की वसूली कर लक्ष्य को पार किया और प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया। मार्च माह में उन्होंने 30.00 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 30.32 लाख रुपये की वसूली कर 101.07 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। परिवहन विभाग के इन अधिकारियों की इस उपलब्धि से जनपद में हर्ष का माहौल है और यह प्रदर्शन अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणा बना है।
(अनिल कुमार ओझा,ITN news)