राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए नगर निगम प्रशासन एक बार फिर ‘राहगीरी डे’ का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार 26 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से 8:30 बजे तक महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के सामने आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित मार्ग को वाहन रहित बनाया जाएगा, जहां शहरवासी खुलकर विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम में योग, रस्सा खींच, सांप-सीढ़ी, पिट्टू, कैरम, शतरंज, घुड़सवारी, स्केटिंग, जुम्बा, म्यूजिकल चेयर सहित दो दर्जन से अधिक रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
“स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ शहर” का संदेश
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि राहगीरी डे का उद्देश्य लोगों को दैनिक भागदौड़ से निकालकर खुली सड़कों पर स्वास्थ्य और आनंद से जोड़ना है। इस आयोजन में हर आयु वर्ग के लोग शामिल होकर न सिर्फ मनोरंजन करेंगे, बल्कि फिटनेस को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकेंगे।
स्वच्छता जागरूकता पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से जुड़े संदेशों का प्रसार भी किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ और जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पहले भी मिल चुका है उत्साहजनक प्रतिसाद
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा 12 अप्रैल को माधव नगर स्थित जागृति पार्क से राहगीरी डे की शुरुआत की गई थी, जिसके बाद 19 अप्रैल को सुभाष चौक से स्टेशन मार्ग तक आयोजन हुआ। दोनों ही आयोजनों में शहरवासियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली थी।
निगम प्रशासन की अपील
नगर निगम प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों से अपील की है कि वे इस पहल का हिस्सा बनें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।