राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं बैंक प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हाल ही में हुई लूट और डकैती की घटनाओं की समीक्षा करते हुए सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंक परिसरों में सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना अब प्राथमिकता होगी और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की जमा पूंजी की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है, ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। बैंक परिसरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और व्यापक कवरेज रखने, अलार्म सिस्टम एवं पैनिक बटन को सक्रिय और बहु-प्रभारी नियंत्रण में रखने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) का अनिवार्य उपयोग, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी, सुरक्षा उपकरणों का प्रभावी क्रियान्वयन और समय-समय पर सुरक्षा ऑडिटिंग करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने जीपीएस सिस्टम के अधिक उपयोग और नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की भी बात कही।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और सभी बैंक निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
इस दौरान बैंकिंग संस्थानों और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, रक्षित निरीक्षक श्रीमती संध्या राजपूत सहित जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।