राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार सुबह वार्ड क्रमांक 17 पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुबे कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दुबे कॉलोनी मुख्य मार्ग, विभिन्न गलियों, तुलसी नगर अपार्टमेंट और गोपाल नगर मोड़ सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता की जानकारी ली और स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कचरा वाहनों में संग्रहित कचरे की स्वयं जांच करते हुए गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अपार्टमेंट से निकलने वाले सेनेटरी और हैज़ार्डस वेस्ट के अलग-अलग संग्रहण पर भी जोर दिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि नागरिकों को घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक करें।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निगमायुक्त ने रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के गठन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट और कॉलोनियों में सक्रिय भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मानसून से पहले नालों और नालियों की व्यापक सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इसके अलावा सोमनाथ मंदिर मार्ग पर हैंडपंप के पास सोक पिट निर्माण और सन्यासी बाबा मंदिर मार्ग पर क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।