राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।शहर के व्यस्त मिशन चौक ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बाइक धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक स्कूली छात्रा चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रही थी। जैसे ही वह ओवरब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंची, बाइक के पिछले हिस्से से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तत्काल छात्रा को सतर्क किया।
खतरे को भांपते हुए छात्रा ने तुरंत बाइक रोकी और फुर्ती से नीचे उतर गई, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते बाइक में आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, वहीं कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
फिलहाल बाइक के मालिक और आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में बैटरी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
समय रहते छात्रा की सतर्कता और राहगीरों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।