लोकेशन- महोबा यू पी रिपोर्ट- अमृता माथुर
महोबा के कुलपहाड़ में तैनात विद्युत विभाग के एसडीओ का एक विवादित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में एसडीओ न केवल भाजपा नेता विनोद राजपूत के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, बल्कि पूरी पार्टी के नेताओं को अनपढ़ कहते सुनाई दे रहे हैं। इस मामले में भाजपा नेता ने डीएम और एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महोबा जनपद के कुलपहाड़ में तैनात विद्युत विभाग के एसडीओ प्रदीप कुमार इन दिनों अपने एक वायरल ऑडियो को लेकर विवादों के घेरे में हैं। इस ऑडियो ने न केवल प्रशासनिक गलियारों में बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मचा दिया है। दरअसल, वायरल ऑडियो में एसडीओ अपने अवर अभियंता अमन से बातचीत कर रहे हैं।बातचीत के दौरान एसडीओ, चरखारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और भाजपा नेता विनोद राजपूत के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुने जा रहे हैं। मामले की शुरुआत 25 अप्रैल को हुई थी, जब भाजपा नेता विनोद राजपूत क्षेत्र के भ्रमण पर थे। बगवाहा गांव में एक शादी समारोह और ग्रामीणों की बिजली संबंधी शिकायतों को देखते हुए विनोद राजपूत ने एसडीओ को फोन कर आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया था। लेकिन व्यवस्था सुधारने के बजाय, एसडीओ ने अपने जेई से फोन पर बातचीत में भाजपा नेता को गाली देते हुए अपमानजनक टिप्पणी की। इतना ही नहीं, ऑडियो में उन्होंने पूरी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को अनपढ़ कहकर संबोधित किया। जैसे ही यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, क्षेत्रीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। पीड़ित भाजपा नेता विनोद राजपूत ने इस अपमान को गंभीरता से लेते हुए महोबा पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को लिखित शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने एसडीओ के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और पद की गरिमा के विरुद्ध आचरण करने के आरोप में तत्काल कार्यवाही की मांग की है। इस घटना के बाद से बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपा नेता का कहना है कि एक सरकारी अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों और एक प्रतिष्ठित राजनीतिक दल के खिलाफ ऐसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाइट- विनोद राजपूत (बीजेपी नेता)
फिलहाल प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है, लेकिन इस ऑडियो ने जिले की राजनीति में नया उबाल पैदा कर दिया है।
अमृता माथुर महोबा यू पी
9569896252