राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी|नगर पालिक निगम कटनी की परिषद का स्थगित सम्मेलन आज निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत होते ही वार्षिक बजट पर विस्तृत चर्चा प्रारंभ हुई, जिसमें सदन के सभी पार्षदों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव और विचार रखे।
बजट चर्चा के दौरान गोशाला मद के पृथक्करण, प्रस्तावित प्रवेश द्वार को निरस्त करने, “महापौर गुरुकुल” के स्थान पर “पार्षद गुरुकुल कोचिंग सेंटर” प्रारंभ करने, शव वाहन खरीदी तथा मुख्य स्टोर के सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। सभी बिंदुओं पर गंभीर चर्चा के बाद आवश्यक संशोधन शामिल किए गए।
बैठक में धारा 22 के अंतर्गत प्रस्तुत प्रस्ताव पर महापौर प्रीति सूरी द्वारा कथन रखा गया, जिस पर सदन में व्यापक चर्चा हुई। अंततः सभी संशोधनों को सम्मिलित करते हुए नगर निगम का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने जानकारी देते हुए कहा कि परिषद के सदस्यों के सुझावों से बजट अधिक जनहितकारी और व्यवहारिक बना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।
बैठक में महापौर प्रीति सूरी, संदीप जायसवाल, विधायक मुड़वारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, निगम आयुक्त तपस्या परिहार तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।