राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त और सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को झंडा बाजार क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और नालियों पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाते हुए बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के नेतृत्व में गांधी द्वार से झंडा बाजार तक अभियान चलाया गया, जिसमें 10 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। निगम अमले ने दुकानों के बाहर निकली अनधिकृत लोहे की पट्टियां, बोर्ड और अन्य अवरोधों को हटाकर मार्ग को साफ कराया।
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए समझाइश भी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों का बाधा मुक्त रहना बेहद जरूरी है।
निगम प्रशासन ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि शहर में यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।