राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बसाड़ी मोड़ पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके की भौगोलिक स्थिति का गहन अध्ययन करते हुए हादसे के कारणों की पड़ताल की और आवश्यक दिशा-निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए।
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस अधीक्षक सीधे बड़वारा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी ली।
एसपी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लंबित अपराधों और धारा 173(8) के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने वीसीएनबी सहित सभी रजिस्टरों के व्यवस्थित संधारण, फरियादियों से बेहतर व्यवहार, तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही न्यायालयीन समंस एवं वारंट की अधिकतम तामीली और थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।