बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में आगामी जनगणना के तहत स्व-गणना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनपद में 7 मई से 21 मई 2026 तक चलने वाले स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता चलाई जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि आम नागरिक जनगणना अधिकारी के घर आने से पहले ही ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in� पर जाकर अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से डेटा संग्रह तेज और अधिक सटीक होता है, साथ ही लोगों को सुविधा भी मिलती है।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने विभाग के कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराएं और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। लेखपालों और ग्राम सचिवों को प्रशिक्षित कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-गणना को बढ़ावा देने को कहा गया। नगर निगम, पंचायत भवनों और जन सेवा केंद्रों के माध्यम से भी लोगों को सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक शिक्षक इस प्रक्रिया में भाग लें, जबकि स्वास्थ्य विभाग को आशा संगिनी और अस्पतालों के माध्यम से स्व-गणना शिविर लगाने के लिए कहा गया। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और बार एसोसिएशन को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर लोगों का अधिक आवागमन होता है, वहां विशेष कैंप लगाकर प्रशिक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना कर सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव, सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली