बरेली। फरीदपुर विधानसभा चुनाव से पहले फरीदपुर की सियासत गरमा गई है। ग्राम शिवपुरी में बुधवार को भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार छत्रपाल सिंह दिवाकर ने विशाल जनसभा कर शक्ति प्रदर्शन किया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ ने इस सभा को जनसमर्थन के महाकुंभ में बदल दिया। समर्थकों के जोश नारों से पूरा माहौल भाजपामय हो गया।
डबल इंजन का एजेंडा, विकास का दावा
मंच से दिवाकर ने केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा रखा। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण, हर घर जल, उज्ज्वला योजना और किसान समृद्धि जैसी योजनाओं ने गरीब, किसान और महिलाओं की जिंदगी बदली है। “ये योजनाएं सिर्फ कागज पर नहीं, गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुंची हैं। यही नए भारत की नींव है,” दिवाकर ने गरजकर कहा।
बंगाल-असम की जीत पर जश्न
सभा के दौरान पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की जीत की खबर आते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दोगुना हो गया। मंच से ही मिठाई बांटी गई। दिवाकर ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व को दिया। साथ ही विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष ने हमेशा नारी शक्ति का अपमान किया है।
जन आक्रोश यात्रा से दिया संदेश
सभा के बाद ग्राम शिवपुरी में महिलाओं के सम्मान के समर्थन में जन आक्रोश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। भाजपा जिंदाबाद और मोदी-योगी जिंदाबाद के नारों से शिवपुरी गूंज उठी। इस यात्रा के जरिए दिवाकर ने महिला वोट बैंक को सीधे साधने की कोशिश की।
छात्र नेता से जननेता तक का सफर
छत्रपाल सिंह दिवाकर का राजनीतिक ग्राफ लगातार ऊपर गया है। साल 2006 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले रोहिलखंड विश्वविद्यालय से महामंत्री का चुनाव जीतकर उन्होंने छात्र राजनीति में अपनी धाक जमाई। इसके बाद संगठन में निष्ठा और जमीनी जुड़ाव के दम पर भाजपा में मजबूत पकड़ बनाई।
40 हजार वोटों का सामाजिक समीकरण
धोबी समाज से आने वाले दिवाकर ने अपने सामाजिक आधार को भी खुलकर सामने रखा। उन्होंने कहा कि फरीदपुर विधानसभा में धोबी समाज के करीब 40 हजार मतदाता हैं। “अगर पार्टी मुझ पर भरोसा जताती है तो मैं रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर भाजपा की झोली में यह सीट डालूंगा,” दिवाकर ने दावा किया।
कौन-कौन रहा मौजूद
सभा में राजेश पाठक, प्रतीक सिंह तोमर, अरविंद यादव, सुल्तान सिंह, सोनू, सुधांशु गिरी, विशाल सिंह, प्रभात सिंह, अमित कुमार सिंह, वीरू यादव, प्रशांत तोमर, आरेंद्र सिंह, सुमित, राम सिंह, डॉ. सुमित सिंह एवं अंशु प्रजापति समेत बड़ी संख्या में प्रमुख कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
सियासी संदेश साफ
शिवपुरी की इस जनसभा ने फरीदपुर में टिकट की दौड़ को और तेज कर दिया है। भीड़, आक्रोश यात्रा और सामाजिक समीकरण के जरिए छत्रपाल सिंह दिवाकर ने पार्टी हाईकमान तक सीधा संदेश भेज दिया है कि जमीन पर उनकी पकड़ मजबूत है। अब देखना होगा कि भाजपा इस शक्ति प्रदर्शन को टिकट में कितना तौलती है।
रिपोर्टर-: प्रमोद शर्मा जिला-: ब्यूरो बरेली