डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। जनपद में आगामी जनगणना 2027 को ध्यान में रखते हुए डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में सभी डिजिटल तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन द्वारा 23 अप्रैल से 6 मई तक बीआरसी सभागार में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस बार की जनगणना विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसे पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक होने की उम्मीद है। तहसीलदार एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रभारी अधिकारी रवि कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 21 मई तक चलेगी। इस दौरान नागरिक अपने घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सरकार द्वारा एक विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर लोग 15 दिनों के भीतर अपना डेटा आसानी से भर सकते हैं।
स्व-गणना प्रक्रिया के तहत नागरिकों से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका उत्तर देना अनिवार्य होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से समय की बचत होगी और आंकड़ों की शुद्धता भी बढ़ेगी। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर भरे गए विवरणों का सत्यापन करेंगे, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए रविकुमार यादव ने बताया कि 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस चरण में गणनाकार प्रत्येक घर पर जाकर ऑनलाइन दर्ज जानकारी की पुष्टि करेंगे। जिन लोगों ने स्व-गणना के दौरान अपना विवरण दर्ज नहीं किया होगा, उनका डेटा प्रगणक डिजिटल उपकरणों के माध्यम से मौके पर ही दर्ज करेंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने या कार्य में ढिलाई बरतने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीएम अशोक कुमार सिंह, शिव कुमार पाण्डेय, प्रेम प्रकाश चतुर्वेदी, अमित मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर