अशोकनगर। सिंध नदी से रेत निकालने और उसका परिवहन करने का अवैध धंधा जोरों पर है इसके बावजूद खनिज विभाग के अधिकारी अवैध उत्खनन पर रोक लगाने में रुचि नहीं ले रहे हैं इससे लग रहा है कि खनिज विभाग ने खुद ही सिंध नदी को रेत माफियाओं के हवाले कर दिया है। इससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है वहीं माफिया अवैध उत्खनन कर पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सोबत के पास से सिंध नदी का बहाव है वर्तमान में सोबत के पास से बह रही सिंध नदी पर रेत माफियाओं का कब्जा है और वह दिन-रात सिंध नदी का सीना छलनी कर अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर रहे हैं। सोबत में सिंध नदी पर बने पुराने पुल और नए पुल के आसपास के क्षेत्र में भारी मात्रा में रेत निकाली जा रही है इसके अलावा हिमोनिया घाट पर भी रेत का उत्खनन किया जा रहा है। रेत माफियााओं के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि वे दिन में ही हाल ही में बने नए बड़े पुल के पास अपना लाव-लश्कर लेकर जमे रहते हैं यहां उनके वाहन सहित बड़ी मात्रा में आसामाजिक तत्व भी इकट्ठा रहते हैं। इसी स्थान पर रेत माफियाओं ने भारी मात्रा में रेत का स्टॉक भी कर रखा है।
खनिज अधिकारी बोले चार-पांच दिन पहले आई थी शिकायत-
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खनिज विभाग के जिला प्रभारी वीरेन्द्र वर्मा को भी अवैध उत्खनन की जानकारी है इसके बावजूद भी अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगी है और रेत माफिया अभी भी भारी मात्रा में रेत निकाल रहे हैं। खनिज अधिकारी का कहना है कि चार-पांच दिन पहले शिकायत मिली थी अभी व्यस्तता चल रही है दिखवा लेंगे। इससे साफ है कि चार-पांच दिन पहले शिकायत मिलने के बाद भी खनिज अधिकारी द्वारा रेत माफियाओं को पर्याप्त मौका दिया जा रहा है कि वह नदी से अपनी मनमर्जी से रेत निकालते रहें। अधिकारी व्यस्तता का हवाला देकर कार्यवाही करने से बच रहे हैं। ऐसे में अंदेशा है कि जब रेत माफिया इशारा करेंगे कि उन्होंने इन घाटों से भरपूर मात्रा में रेत निकाल ली है और अब दूसरे घाट पर जा रहे हैं तब खनिज विभाग के अधिकारी इस घाट पर दिखावे की कार्यवाही करेंगे। इस दौरान उन्हें घाट पर कुछ नहीं मिलेगा।
इनका कहना है।
चार-पांच दिन पहले ट्रैक्टर की शिकायत मेरे पास आई थी, मैंने इंस्पेक्टर को कार्यवाही के लिए बोल दिया था।
वीरेन्द्र वर्मा
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी, अशोकनगर
रिपोर्टर मोहन जाटव इंडियन टीवी न्यूज़ अशोकनगर मध्य प्रदेश