राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। प्रदेश में चल रहे मकान सूचीकरण कार्य में कटनी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को अग्रणी जिलों की सूची में शामिल कर लिया है। बेहतर प्रबंधन और तेज़ी से हो रहे सर्वे कार्य के चलते कटनी अब प्रदेश के टॉप-6 जिलों में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है।
मकान सूचीकरण कार्य की जमीनी हकीकत जानने के लिए संयुक्त संचालक का कटनी दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मैदानी स्तर पर कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक ने घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे कार्य, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सूचीकरण कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में मकान सूचीकरण का कार्य तेजी से जारी है और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए टीम लगातार प्रयासरत है। संयुक्त संचालक ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टीम के प्रयासों की सराहना की और आगे भी इसी गति से काम जारी रखने के निर्देश दिए।
इस उपलब्धि से न केवल जिले की कार्यशैली को नई पहचान मिली है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी यह एक उदाहरण बनकर उभरा है।