फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर गांव के दो लोगों पर दर्जनभर ग्रामीणों से लाखों रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव रहपुरा जागीर निवासी भगवती, वीरपाल, रूपवती, आकाश, ज्योति, रोशनी, संतोषी देवी और योगेंद्र कुमार समेत अन्य ग्रामीण शनिवार को थाना पहुंचे। पीड़ितों का आरोप है कि गांव के ही दो लोगों ने कम समय में धन दोगुना करने का लालच देकर उनसे रुपये जमा कराए। किसी से एक लाख, किसी से दो लाख रुपये लिए गए, जबकि दो लोगों से करीब आठ-आठ लाख रुपये जमा कराए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि तय समय पूरा होने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम और उसका दोगुना लाभ मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथापाई पर उतारू होने की भी कोशिश की। इससे नाराज पीड़ितों ने थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच हल्का दरोगा को सौंप दी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली