राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम कॉन्फ्रेंस हॉल में कोर्ट मोहर्रिरों एवं थानों में समन-वारंट कार्य से जुड़े कर्मचारियों तथा चालानी मुंशियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने ई-समन एवं वारंट जारी करने में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान न्यायालय द्वारा चिन्हित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, साक्षियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने, अंडर ट्रायल मामलों की प्रगति तथा समन-वारंट की तामीली में आने वाली दिक्कतों पर विशेष फोकस किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों से एक-एक कर संवाद करते हुए स्पष्ट कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका समाधान सामूहिक रूप से किया जा सके।
उन्होंने समन-वारंट की तामीली में गिरती ग्रेडिंग पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन प्रकरणों में आरोपियों को सजा हो चुकी है, उनमें शत-प्रतिशत फिंगरप्रिंट लेने तथा समन-वारंट की तामीली को पूर्णतः सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।