फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।
कस्बे स्थित यूनिक मॉडल इंटर कॉलेज में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह धूमधाम और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डा. डी.सी. वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंधक रमन कुमार जायसवाल ने मुख्य अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विधायक डा. डी.सी. वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। मेहनत, अनुशासन और लगन से छात्र किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के संरक्षक विजय कुमार गुप्ता, चक्रवीर सिंह, संजय चौहान, अजय सक्सेना, शिवम् शर्मा, कैलाश शर्मा, जसवीर सिंह, संदीप गुप्ता, अजय गुप्ता, सिंटू पाठक, अंकित भारद्वाज, के.सी. शर्मा एवं राजेश सक्सेना सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामयी बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल यदुवंशी ने किया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली