शहजाद आलम
जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी क्षेत्र में नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बीती रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके चलते वह देर रात बांसी से लखनऊ इलाज कराने के लिए रवाना हुई थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी गाड़ी बांसी क्षेत्र से आगे बढ़ी, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन मोटरसाइकिलों पर सवार लगभग छह युवक अचानक उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान गाड़ी के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए हमले से चालक और साथ मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन किसी तरह सूझबूझ दिखाते हुए वहां से निकलने में सफल रहे।
घटना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा ने एक वीडियो जारी कर पूरी घटना की जानकारी दी। वीडियो में उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया था और लगातार पत्थरबाजी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते गाड़ी वहां से नहीं निकलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।