लोकेशन टीकमगढ़
रिपोर्टर महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
टीकमगढ़। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने जोरदार और सटीक कार्रवाई करते हुए शासकीय पीजी कॉलेज की तालकोठी शाखा में छापा मारकर बाबू नितिन मिश्रा को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता देवेंद्र वाल्मीकि (निवासी कारी) ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि उनके पिता हरिकिशन वाल्मीकि, जो कॉलेज में स्वीपर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी रिटायरमेंट राशि निकालने के बदले बाबू द्वारा ₹2.5 लाख की रिश्वत मांगी जा रही थी।
आरोप है कि आरोपी बाबू पहले ही ₹50 हजार रुपए ले चुका था और आज ₹1 लाख की और डिमांड कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर दस्तावेजी प्रक्रिया जारी है और लोकायुक्त टीम पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।