शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर।
जिले में भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ रही तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसबी, कस्टम विभाग, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग, अवैध कारोबार तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की आवश्यकता है।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त, सघन चेकिंग अभियान तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आमजन को नशामुक्ति अभियान एवं प्रतिबंधित पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि समाज को नशे और अवैध गतिविधियों से सुरक्षित रखा जा सके। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़, सीमा क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।