फतेहगंज पश्चिमी।
शादी समारोह में शामिल होने गए युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे फील्ड यूनिट के अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया चेतराम निवासी आदेश मिश्रा (50) परसाखेड़ा स्थित वाडीलाल आइसक्रीम फैक्ट्री में नौकरी करते थे। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार शाम वह ड्यूटी से लौटने के बाद अपने सहकर्मी प्रदीप शर्मा की बहन की शादी में शामिल होने गांव के चार लोगों के साथ कस्बे के चिराग पैलेस गए थे। रात में वहीं रुकने की बात कही गई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह तक घर नहीं पहुंचे।
परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच शुक्रवार शाम करीब पांच बजे स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम मंडोली से शंखा पुल जाने वाले खड़ंजे मार्ग पर आदेश मिश्रा का शव पड़ा मिला। बेटे आकाश मिश्रा ने यूपी-112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद फील्ड यूनिट टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव मिट्टी से सना हुआ था और कपड़े भी फटे हुए थे। घटनास्थल के हालात देखकर आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने मरने से पहले संघर्ष किया था।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मधुबाला मिश्रा, बेटे आकाश और अधिकार तथा पुत्रियां मेघा व वर्षा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने फिलहाल किसी से रंजिश की बात भी नहीं बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय जिला संवाददाता, बरेली
इंडियन टीवी न्यूज़