हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी
प्रयागराज।
हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान ने मेजा और मांडा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रदेश सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का डेमो चेक सौंपा।
मेजा थाना क्षेत्र के भसूंंदर खुर्द गांव की रीता देवी, बकचुंदा गांव की गुड़िया देवी तथा मांडा थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव के अंश कुमार के परिजनों को सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार दैवीय आपदा से प्रभावित हर परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।
आंधी-तूफान से केवल जनहानि ही नहीं हुई, बल्कि कई गरीब परिवारों के आशियाने भी प्रभावित हुए। प्रशासन द्वारा 17 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के मालिकों को चार-चार हजार रुपये तथा पक्के मकानों के मालिकों को 6500 रुपये की राहत राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई।
वहीं प्राकृतिक आपदा में चार भैंसों की मौत होने पर कठौली निवासी उमाशंकर यादव, जैनेश सोनकर, उसरी के श्रीकांत सरोज तथा निबैया के राजेश सोनकर को 37,500 रुपये प्रति भैंस के हिसाब से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस मौके पर एसडीएम मेजा नीलम उपाध्याय, नायब तहसीलदार नंदलाल राम, प्रमुख प्रतिनिधि गंगा प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिला मंत्री राजेश धनगर, प्रधान सोनू पटेल, राकेश तिवारी सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एसडीएम मेजा नीलम उपाध्याय ने बताया कि शासनादेश के तहत सभी पीड़ितों को त्वरित राहत सहायता उपलब्ध कराई गई है।
हरिकेश मिश्रा, इंडियन न्यूज़ टीवी
मेजा खास, प्रयागराज