दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरी में आज रविवार को अखिल भारतीय जागरण सुधार मण्डल, पटियाला पंजाब दुद्धी-सोनभद्र इकाई द्वारा एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बेहतर दिशा देने तथा जागरण व झांकी कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संजय सिंह ने कलाकारों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी कलाकार या व्यक्ति को दारू एवं शराब का सेवन कर झांकी कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए। इससे समाज में गलत संदेश जाता है और धार्मिक कार्यक्रमों की छवि धूमिल होती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सिंह ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर झांकी करते हुए पाया जाता है तो उसे झांकी समाज से बहिष्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जागरण और झांकी कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं, इसलिए सभी कलाकारों को अनुशासन और मर्यादा का पालन करना अनिवार्य है।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कलाकारों को एकजुट रखने तथा आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने संगठन के नियमों का पालन करने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प लिया।इसके बाद समस्त पद अधिकारी लोग मिलकर आपसी सहमति से पद दिया गया जिसमें दुद्धी तहसील अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार गुप्ता ,गुलशन पटेल उपाध्यक्ष दुद्धी तहसील ,गौरी शंकर सूचना मंत्री दुद्धी तहसील ,अभिषेक गुप्ता कानूनी सलाहकार दुद्धी तहसील ,नितेश मीडिया प्रभारी दुद्धी तहसील को नियुक्त किया गया।