फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के निकट नेशनल हाईवे स्थित उनासी चौराहे पर रविवार शाम एक्स सर्विसमैन वेलफेयर कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पूर्व सैनिक सुनील सिंह के ढाबे पर वरिष्ठ आर्मी अधिकारी कर्नल पुरुषोत्तम सिंह एवं वरिष्ठ संरक्षक कैप्टन डॉ. आरके भारद्वाज के संरक्षण में किया गया।
बैठक की शुरुआत दिवंगत पूर्व सैनिक हर्षवर्धन सिंह एवं चंद्रपाल मौर्य को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों एवं सैन्य अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में कैप्टन डॉ. आरके भारद्वाज, पूर्व सैन्य अधिकारी वीपी सिंह, प्रेमपाल सिंह गंगवार, गंगाराम सहित कई पूर्व सैनिकों ने संगठन को मजबूत करने और पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान पर अपने विचार रखे। इसके बाद सर्वसम्मति से पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई।
नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद को लेकर कुछ सदस्यों के बीच अपने-अपने समर्थकों को पद दिलाने को लेकर हल्की नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ संरक्षक कैप्टन डॉ. आरके भारद्वाज ने सभी को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत दी और माहौल शांत कराया।
अंततः सर्वसम्मति से पूर्व सैनिक सुनील सिंह को कमेटी का अध्यक्ष तथा पूर्व सैनिक प्रवीन सिंह को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में सूबेदार मेजर राम सिंह, धीरेंद्र पाल सिंह, हरीराज सिंह, खेम बहादुर सिंह, मुनेश सिंह, तोलाराम मौर्य, इरशाद खान, जोगिंदर सिंह, प्रेमपाल सिंह गंगवार, विनीत सिंह समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली