दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)
बहुउद्देश्यीय कनहर सिंचाई परियोजना के लिये चालू वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे शेष निर्माण कार्य, भूमि क्रय, मुआवजा वितरण और पुराने बकायों के निपटारे में तेजी आएगी। परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना की कुल लागत वर्तमान में 3,394.65 करोड़ रुपये आंकी गई है। स्वीकृत 100 करोड़ में से 68 करोड़ रुपये निर्माण कार्यों के लिए और 32 करोड़ रुपये भूमि क्रय व मुआवजा वितरण के लिए निर्धारित हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह आवंटन ठेकेदारों और कर्मचारियों के लंबित भुगतान का रास्ता भी साफ करेगा।
कनहर सिंचाई परियोजना की आधारशिला 1976 में रखी गई थी। यह उन चुनिंदा परियोजनाओं में है जिनका शिलान्यास लगभग 50 वर्षों के दौरान तीन बार किया जा चुका है। शुरुआत में परियोजना की अनुमानित लागत 27.25 करोड़ रुपये थी, जो अब लगभग 3,400 करोड़ तक बढ़ चुकी है। फिलहाल कनहर बांध का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और बाकी बचे कार्यों पर तेजी से काम करने की योजना है।
मुख्य अभियंता नीरज कुमार ने कहा कि 100 करोड़ रुपये के आवंटन से बकाया भुगतान और अवशेष कार्यों को शीघ्रता से निपटाया जा सकेगा। हम परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय किसानों और प्रशासन ने इस निर्णय का स्वागत किया है और कहा है कि परियोजना पूरा होने पर क्षेत्र में पानी उपलब्धता तथा कृषि उत्पादन में सुधार की उम्मीद है।