आंवला (बरेली)।
पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अलीगंज थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को एक किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना अध्यक्ष के निर्देश पर उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक तस्कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर नौगवां मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए नौगवां जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दी। संदिग्ध अवस्था में आते दिखे एक युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक किलो अफीम बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान राजू (20 वर्ष) पुत्र सोहन पाल, निवासी ग्राम लोहारी, थाना विशारतगंज (बरेली) के रूप में हुई है। पुलिस टीम में मुख्य रूप से कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह, वीरेन्द्र और चमन लाल शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 110/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/18/29/60 में मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अफीम कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला
जिला बरेली उत्तर प्रदेश