बरेली।
जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शनिवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। कई थानों के प्रभारियों की कुर्सी बदल गई तो कई को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय को कोतवाली से हटाकर साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं कुंवर बहादुर सिंह को साइबर थाने से भोजीपुरा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। राजीव कुमार सिंह को भोजीपुरा से कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा थाना किला प्रभारी संतोष कुमार सिंह को आंवला भेजा गया है, जबकि रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात अचल कुमार को थाना किला का नया प्रभारी बनाया गया है। शीशगढ़ में अपराध निरीक्षक रहे राजकुमार सिंह को फतेहगंज पूर्वी का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
फतेहगंज पूर्वी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार को हाफिजगंज भेजा गया है। वहीं हाफिजगंज से प्रवीण कुमार सोलंकी को शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस में तैनाती मिली है। रवि कुमार को आईजीआरएस से मीरगंज प्रभारी बनाया गया है। मीरगंज प्रभारी संजय तोमर को सर्विलांस सेल भेजा गया है।
इसके अलावा प्रयागराज सिंह को फतेहगंज पश्चिमी से हटाकर बहेड़ी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को आगामी कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव के बाद नई तैनाती पाए अधिकारियों ने जल्द ही कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली