दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र व अमवार चौकी अंतर्गत बघाडू गांव के बोलताकरम टोला स्थित तालाब में रविवार की सुबह नहाने गए सात वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, मृतक नितेश लगभग 7 वर्षीय अपने घर के मसीप स्थित तालाब में नहाने गया था और नहाते समय गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। घटना के कुछ समय बाद बालक को ढूंढने निकले बालक के चाचा ने तालाब में उसे डूबा देखा और परिजनों को सूचित किया। ग्रामीणों व रिश्तेदारों की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अमवार चौकी इंचार्ज जयशंकर राय ने बताया कि बच्चे के पिता रोजी-रोटी के लिए बाहर गए हुए हैं। घटना के समय घर पर चाचा मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।