रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा
पोरसा में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में नवांकुर संस्थाओं द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिवम गार्डन में संपन्न हुआ, जिसमें समाज सेवा एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित जल उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश शर्मा ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मेंद्र सिसोदिया, सतीश सिंह तोमर, राधा शरण पुरोहित, डॉ. अनिल गुप्ता एवं आनंद सिंह तोमर उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में समाज सेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय विभिन्न नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इनमें पूनम समाज सेवा समिति के हरिओम गुप्ता, हीरालाल समाज सेवा एवं शिक्षा समिति के जितेंद्र ओझा, भूमिजा महिला मंडल समिति की मिथिलेश तोमर, श्री मुरारी लाल उपाध्याय शिक्षा प्रसार समिति के प्रदीप उपाध्याय तथा श्री सहजाद शिक्षा प्रसार समिति के रामसेवक सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन कृष्ण चंद्र दीक्षित ने किया। इस अवसर पर परामर्शदाता के रूप में कार्य कर रहे संतोष शर्मा एवं मनीष शिवहरे का भी विशेष सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सभी नवांकुर संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में संतोष शर्मा, शिवम सिंह तोमर, विजयपाल सिंह तोमर, रामवीर सिंह तोमर, अशोक सिंह, बच्चन सिंह, आरती तोमर, अंकित ओझा, सुरेश सिंह, दिलीप जैन, धर्मवीर सिंह तोमर सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
समारोह के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे। उपस्थित लोगों ने जल बचाने एवं जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।