सोनभद्र।
राबर्ट्सगंज कलेक्ट्रेट सभागार में आज सोमवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति और जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण तथा गंगा व उसकी सहायक नदियों के संरक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
शासन द्वारा निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य के अनुरूप सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख रूप से लगाए जाने वाले पौधों की सुरक्षा और उनकी जीवितता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पूर्व वर्षों में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा के बाद संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण व निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में सड़क धूल नियंत्रण, घरेलू व व्यावसायिक अपशिष्टों का समुचित निस्तारण, अवैध डंपिंग रोकना, प्लास्टिक व निर्माण अपशिष्ट प्रबंधन तथा प्रदूषण मानकों के अनुपालन पर बल दिया गया। सीडीओ ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाए और इसके विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जीडीपीएमएस पोर्टल पर विभागीय सूचनाओं की समयबद्ध अपलोडिंग तथा ग्राम गंगा समितियों द्वारा संचालित स्वच्छता व जनजागरूकता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पेयजल स्रोतों, तालाबों और आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन कार्यों की प्रगति पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा व सहायक नदियों के पुनरोद्धार, नालों की टेपिंग, स्क्रीनिंग और बायो-रिमेडिएशन कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को नदी तटों की स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए सतत तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और अपनी-अपनी रिपोर्टें प्रस्तुत कीं।