उरई(जालौन)
ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह पूरे दिन जनपद में सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने उरई, कालपी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बकरीद पर्व पर पूरे जनपद में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के साथ अधिकारियों की पैनी नजर रही।जिलाधिकारी ने पर्व के दौरान सभी अधिकारीयों से सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में सम्पन्न कराए जाएं। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जनपद में प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट तैनात रहे। ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई तथा लगातार गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने मस्जिदों एवं ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, यातायात एवं विद्युत व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जनपद में ईद-उल-अज़हा का पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जो जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख ITN news)