चार हजार रुपये का पेट्रोल भरवाकर भागे कार सवार, कर्मचारी को घसीटा,रुपये मांगने पर गाली गलौज कर भागने का आरोप, घायल कर्मचारी ने पुलिस से की शिकायत; जांच के लिए टीम गठित।
मऊरानीपुर। पेट्रोल भरवाने के बाद रुपये मांगना पेट्रोल पंप कर्मचारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार सवार युवक भुगतान किए बिना भागने लगे। कर्मचारी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी उसे कार के साथ काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए। घटना में कर्मचारी घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी छतरपुर रोड की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।, उल्दन थाना क्षेत्र के ग्राम चिमदवारा टपरियन निवासी मनीष कुमार पुत्र वृषभान मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदरवारा स्थित झांसी खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर जय मां भद्रकाली फिलिंग पेट्रोल पंप पर कर्मचारी है। मनीष के मुताबिक, 10 अक्टूबर शनिवार की सुबह करीब 4:50 बजे काली फिल्म लगे शीशों वाली एक सफेद कार पेट्रोल पंप पर पहुंची। कार में तीन से पांच लोग सवार थे। आरोप है कि कार सवारों ने चार हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद जब मनीष ने भुगतान के लिए कहा तो वे टालमटोल करने लगे। आरोप है कि रुपये देने के बजाय कार सवारों ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और कार लेकर भागने लगे। मनीष ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह कार के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया। इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार से छतरपुर रोड की ओर भाग निकले। घटना में मनीष को चोटें आई हैं। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसने घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य होने की बात भी कही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
