लोकेशन जतारा
रिपोर्टर
महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
जतारा
जतारा। टीकमगढ़ जिले की सबसे बड़ी जनपद पंचायत जतारा इन दिनों अधिकारियों और कर्मचारियों की गैर मौजूदगी को लेकर चर्चा में है। भीषण गर्मी के दौर में जहां तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे हितग्राही परेशान होकर खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत कार्यालय में कई बार अधिकारी अपनी कुर्सियों से नदारद मिलते हैं। दूर-दराज गांवों से आने वाले ग्रामीण घंटों इंतजार करते रहते हैं, लेकिन उन्हें संबंधित अधिकारी नहीं मिलते। यदि किसी कर्मचारी से अधिकारियों के आने की जानकारी पूछी जाती है तो जवाब मिलता है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं कुछ कर्मचारी कैमरे के सामने बोलने से भी बचते नजर आए।
बताया जा रहा है कि अतिरिक्त प्रभार के चलते जनपद सीईओ नियमित रूप से कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसके कारण पूरा कार्यालय बाबुओं के भरोसे संचालित होता दिखाई दे रहा है। पंचायत कार्य, भुगतान, प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
एक विकलांग महिला शन्नो हजरत ने बताया कि वह परिवार आईडी की समस्या को लेकर पिछले डेढ़ साल से कार्यालय के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी नहीं मिलने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।