फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब पिता-पुत्रों ने एक मिठाई दुकानदार की दुकान में घुसकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल दुकानदार को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए।
गांव कुरतरा निवासी राजपाल साहू की भिटौरा फाटक से गांव जाने वाले मार्ग पर मिठाई की दुकान है। पीड़ित के अनुसार आरोपियों की दुकान भी उसी लाइन में स्थित है। बृहस्पतिवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे आरोपी पिता-पुत्र अचानक उनकी दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार को लात-घूंसों से जमकर पीटा और जमीन पर गिराकर मारते रहे।
दुकानदार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसी दौरान किसी ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल दुकानदार को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली