दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
अपना दल (एस) की जोन व सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल की अध्यक्षता में ग्राम बीड़र में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, सेक्टर कमेटियों के गठन व पुनर्गठन तथा नियमित बैठकों के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मंच प्रीति सिंह ने कहा कि सेक्टर और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता तंत्र के बिना संगठन मज़बूत नहीं हो सकता। उन्होंने पार्टी की नीतियों व विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के हर वर्ग में संगठन की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
दुद्धी जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव ने नियमित बैठकों और सक्रिय सेक्टर कमेटियों को संगठन की बुनियाद बताया और कार्यकर्ताओं से लगातार भागीदारी बनाए रखने का आग्रह किया। ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड़, जिला सचिव उदित पटेल व पंचायत मंच के जिलाध्यक्ष राम सुरेश कुशवाहा ने भी सेक्टर इकाइयों को सुदृढ़ करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर बल दिया।
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि अपना दल (एस) के संस्थापक स्व. डॉ. सोनेलाल पटेल के सामाजिक न्याय व समान अवसर के विचार आज भी पार्टी की कार्यशैली का मूल आधार हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह 10 तारीख को विधानसभा स्तर, 12 तारीख को जोन स्तर और 15 तारीख को सेक्टर स्तर की बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों तथा सभी सेक्टरों की गतिविधियों की समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, राजपाल कुशवाहा, विधानसभा महासचिव रमेश उर्फ गुड्डू गुप्ता, हरिप्रसाद सलबंधी, सुधीर कुमार, भगवान दास गुप्ता, माधव सिंह गोंड़, सुशील शर्मा, राहुल पाल, दिनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।