बरेली आंवला क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने घर में घुसकर मारपीट, कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद गांव के उस व्यक्ति ने अपने लड़कों को कथित तौर पर ‘फैसला’ करने के लिए भेजा। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडे व सरिया लेकर उसके घर में घुस आए।
पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसे, उसके पति, सास, बेटे और बेटी को जान से मारने की नीयत से पीटा। जब शोर सुनकर गांव के लोग आए, तो हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके शरीर पर चोटें पहुंचाईं और उसके कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया।
शनिवार सुबह आरोपी कथित तौर पर दोबारा घर पर चढ़ आए और दरवाजे पर ईंट-पत्थर मारने लगे। पीड़िता ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे थाने में शिकायत करने को कहा। जब पीड़िता थाने पहुंची, तो उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि लिखित शिकायत लेकर आओ।
महिला ने पुलिस को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने अपनी जान-माल को खतरा होने की आशंका भी जताई है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश