आंवला।
आंवला नवीन मंडी परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मंडी प्रांगण में जगह न मिलने के कारण दुकानें सड़क पर लग रही हैं, जिससे भीषण जाम और गंदगी का अंबार लग गया है। परेशान आढ़तियों और व्यापारियों ने शनिवार को एसडीएम आंवला विदुषी सिंह को शिकायत देकर तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
शिकायती पत्र में बताया गया कि नवीन मंडी आंवला परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब है। इसी कारण किसान और व्यापारी मंडी के बाहर सड़क पर दुकानें लगाने को मजबूर हैं। इससे रोजाना जाम लगता है और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत होती है। गंदगी के कारण व्यापारियों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
इसके अतिरिक्त, मंडी परिसर में बिजली के तार झूल रहे हैं, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका जताई गई है। पीने के पानी की टंकी और नल के आसपास भी बेहद गंदगी है, और शौचालयों की स्थिति भी अत्यंत खराब है।
यह शिकायती पत्र आंवला मंडी के आढ़तियों और कारोबारियों की ओर से एसडीएम विदुषी सिंह को सौंपा गया है। इस पर शाहिद अली, अनिल, अजित, आरिफ, चंद्रपाल सहित कई अन्य आढ़तियों के हस्ताक्षर हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि मंडी प्रांगण की साफ-सफाई कराकर मंडी को अंदर लगवाया जाए, ताकि जाम की समस्या खत्म हो और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश