आंवला।
आंवला तहसील के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव अमरोली में खुलेआम अवैध खनन का मामला सामने आया है। एक ग्रामीण ने शनिवार को एसडीएम से इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
अमरोली निवासी नंदकिशोर ने एसडीएम को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही एक व्यक्ति खेत की मेंढ से जेसीबी मशीन से करीब 10 फीट गहरी खाई खोदकर मिट्टी निकाल रहा है। इससे आसपास के खेतों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
नंदकिशोर का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने बताया कि आरोपी रात में भी जेसीबी से खुदाई करते हैं। इस संबंध में थाना अलीगंज पुलिस से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अवैध खनन/परिवहन के संबंध में कठोर दिशा-निर्देश दिए हैं, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि पूरे जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध खनन जारी है।
एसडीएम ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश