शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर लगभग एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरटेकिंग के दौरान एक बाइक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया बाइक पर सवार मां और उसके मासूम बेटे के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना इटवा थाना क्षेत्र के राजकीय डिग्री कॉलेज डुमरियागंज (चौखड़ा) के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान दुर्गावती (40 वर्ष) और उनके दो वर्षीय पुत्र पल्लू के रूप में हुई है। दोनों डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कठोतिया गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि दुर्गावती अपने भाई जीतू सहानी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके जा रही थीं। रास्ते में चौखड़ा के पास दूसरी बाइक को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दुर्गावती और उनकी गोद में बैठा मासूम पल्लू सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रक का पिछला पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया, जिससे मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चला रहे जीतू सहानी को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक इटवा संजय मिश्रा ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक को पकड़ लिया गया है। मामले में केस दर्ज कर जांच जारी है।