दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुम्हान के गढ़वार टोला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 18 वर्षीय धर्मेंद्र कुशवाहा की लौवा नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र (18) पुत्र राजदेव कुशवाहा शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे शौच के लिए घर से निकला था। शौच के बाद वह गांव के पास लौवा नदी के किनारे पानी छूने गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता राजदेव ने बताया कि नदी में गिरने की सूचना पहले एक बच्ची ने ग्रामीणों को दी थी। सूचना मिलते ही उनके बड़े बेटे और अन्य ग्रामीण नदी के पास पहुँचे। बड़े बेटे ने नदी में जाकर धर्मेंद्र को पानी से बाहर निकाला । प्रधान सरजू की मौजूदगी में धर्मेंद्र को बाहर निकालकर तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
दुद्धी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
परिवार ने बताया कि धर्मेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उन्हें फरका (मिर्गी के दौरे) की समस्या थी। परिवार का अनुमान है कि नदी किनारे पानी छूते समय उन्हें अचानक दौरा आ गया होगा, जिससे वे संतुलन खोकर गहरे पानी में गिर गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाव में शोक व्याप्त है।