किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त श्री राजीव कुमार पाण्डेय जी ने गुरुवार को जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रस्तावित सड़क निर्माण, नालियों की सफाई व्यवस्था तथा अवैध बाउंड्रीवाल निर्माण का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सड़क पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध बाउंड्रीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने सम्राट अशोक चौक से खुर्सीपार बस्ती एवं गुरुद्वारा मार्ग होते हुए खुर्सीपार थाना के पीछे स्थित वार्ड तक प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर सड़क निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की नालियों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। आयुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएए ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान यह भी सामने आया कि कुछ स्थानीय नागरिकों द्वारा अपने घरों के सामने अवैध रूप से बाउंड्रीवाल निर्माण कर लिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है। आयुक्त ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, उप अभियंता बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, राजस्व निरीक्षक विजेंद्र परिहार, स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव, वेंकट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।