किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
नजीबाबाद (बिजनौर)। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर विश्व मानवाधिकार परिषद द्वारा देशभर में हरित क्रांति लाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान “एक वृक्ष हमारे पूर्वजों के नाम” का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विश्व मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं चेयरमैन सलाहकार बोर्ड एम.अनवारुल हक़ ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा, “जिस धरती ने हमें जीवन दिया है, उसे हरा-भरा बनाए रखना हमारी वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है।
इसी उद्देश्य से प्रत्येक व्यक्ति को अपने पूर्वजों की स्मृति में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए।”
श्री हक़ ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान और प्रदूषण आज मानव जीवन तथा मानवाधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं।
स्वच्छ हवा और स्वस्थ पर्यावरण प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि एक-एक पौधा लगाकर और उसकी नियमित देखभाल कर हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विश्व मानवाधिकार परिषद द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान देशभर में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।