पीलीभीत
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में लंबे समय से लंबित गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसान आंदोलित हो उठे हैं। आज (शनिवार) बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदेश के गन्ना एवं चीनी मिल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय सिंह गंगवार के आवास का घेराव किया।प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि चीनी मिलों द्वारा गन्ना खरीद का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति ख़राब हो गई है।अपनी मांगों को लेकर किसान नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास के बाहर जमा हो गए। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच किसानों ने अपनी मांगों को सख्ती से रखा।धरने पर बैठे किसानों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उनके बकाये का पूर्ण भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।इस घेराव के कारण इलाके में गहमागहमी बनी रही। फिलहाल, प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा किसानों को मनाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।पीलीभीत पुलिस का कहना है गन्ना किसानों द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान संबंधी मांग को लेकर माननीय गन्ना राज्यमंत्री जी के आवास पर पहुंचकर वार्ता की जा रही है। मौके पर CO नगर, थाना कोतवाली/सुनगढ़ी पुलिस एवं सिटी मजिस्ट्रेट उपस्थित हैं। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्योरो चीफ बरेली मण्डल