अमरोहा
आगामी आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन अमरोहा में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव एवं जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर पूर्ण सतर्कता, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्रों के सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा, अपर जिलाधिकारी अमरोहा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अमरोहा से डॉक्टर जगदेव सिंह प्रजापति की रिपोर्ट